नेत्रदान पखवाड़ा दिनांक 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक मनाया जा रहा है, जिसके उपलक्ष्य में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, फिरोजाबाद के नेत्र रोग विभाग द्वारा राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर दिनांक- 7 सितंबर 2026 को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल के कुशल निर्देशन एवं नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेरणा उपाध्याय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभाग के चिकित्सकों, रेजिडेंट्स, स्टाफ के साथ-साथ एमबीबीएस एवं पीजी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा पोस्टर व पम्पलेट के माध्यम से ओपीडी में आए मरीजों को जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि नेत्रदान मृत्यु के 6 घंटे के भीतर किया जा सकता है, यह प्रक्रिया अत्यंत सरल है और एक व्यक्ति का नेत्रदान दो कॉर्नियल अंधता से पीड़ित व्यक्तियों के जीवन में रोशनी ला सकता है। विभाग ने आमजन से नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की।


